डूंगरपुर में आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की तैयारी की है। एसपी मनीष कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में क्राइम मीटिंग लेकर सभी थानाधिकारियों को रात में गश्त दोगुनी करने, सघन नाकाबंदी और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए। लूट, छेड़छाड़ और बाइकर्स की बदमाशी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील रास्तों पर विशेष निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने को भी कहा। असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर बैठक में एसपी ने थानाधिकारियों से त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। इसके लिए एरिया डोमिनेशन अभियान चलाने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने को कहा। लंबित मामलों का जल्द करें निस्तारण क्राइम मीटिंग में थानेवार दर्ज मामलों की समीक्षा भी की गई। एसपी ने थानों में लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनका जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ लंबित मामलों के निपटारे पर भी ध्यान देने को कहा। संवेदनशील रास्तों पर दोगुनी होगी गश्त त्योहारों के दौरान रात में होने वाली लूट, छेड़छाड़ और बाइकर्स की बदमाशी रोकने के लिए एसपी ने सघन नाकाबंदी और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। जिन रास्तों पर पहले इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां पुलिस गश्त दोगुनी करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।