डूंगरपुर जिले के सरोदा थाना क्षेत्र के गड़ा वासन गांव में कीटनाशक के सेवन से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग का जिला अस्पताल में चार दिनों से उपचार चल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सरोदा थाने के हेड कॉन्स्टेबल त्रिलोकपाल सिंह ने बताया कि गड़ा वासन निवासी नटवरलाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनके पिता चनजी परमार (66) मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। 10 जुलाई की सुबह करीब 9:20 बजे, जब घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे, तब चनजी परमार ने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत सरोदा के सरकारी अस्पताल ले गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले सागवाड़ा और फिर बेहतर इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। चार दिनों तक चले उपचार के बाद आज उनकी मौत हो गई। पुलिस ने जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।