भास्कर न्यूज| बूंदी पंचायतीराज चुनाव के तहत तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान के दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक भावना राघव और जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पर्यवेक्षक ने 16 मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्था, पारदर्शिता और मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं, कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं देख अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निर्वाचन पर्यवेक्षक भावना राघव ने बल्लोप, नोताड़ा भोपत, कैथूदा, अकतासा, तालेड़ा, सीतापुरा, बरुंधन, ठीकरिया चारणान, लीलेड़ा व्यासान, भरता बावड़ी, लक्ष्मीपुरा, डोरा, बीजाड़ी, सूतड़ा, डाबी और बुधपुरा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार भूपेंद्रसिंह हाड़ा शामिल रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने अकतासा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के भाग संख्या 229, बूथ क्रमांक 4 का निरीक्षण कर मतदान के आंकड़ों की जानकारी ली। उन्होंने पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं से उनके अनुभव साझा किए। पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत और ईवीएम की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर ने तालेड़ा के हरित बूथ क्रमांक 56 की व्यवस्था जांची। यहां दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध व्हीलचेयर का पूरा उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोताड़ा भोपत के भाग संख्या 256, बूथ क्रमांक 80 का निरीक्षण कर मतदान दलों के लिए भोजन, पेयजल, रोशनी और शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इसके बाद बल्लोप और जाखमुंड के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान का फीडबैक लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजयसिंह चंपावत, तालेड़ा थानाधिकारी मुकेश कुमार शामिल रहे।