भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर। मिशन लाइफ के अंतर्गत ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत 2 नवंबर को बाड़मेर वृत्त कार्यालय में ऊर्जा संरक्षण एवं एनर्जी सेविंग को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सभी ने ऊर्जा की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण पर्यावरण सुरक्षा व सतत विकास के लिए बेहद आवश्यक है। बिजली का अनावश्यक उपयोग रोककर हम न केवल ऊर्जा की बचत कर सकते हैं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि कार्यालयों, घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जल रही लाइटें, पंखे तथा अन्य विद्युत उपकरण बंद रखें। सरकारी कार्यालयों, स्कूलों एवं संस्थानों में स्विच ऑफ अभियान को प्रभावी रूप से अपनाएं। साथ ही एलईडी लाइट एवं ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों का उपयोग करें तथा एयर कंडीशनर सहित अन्य बिजली उपकरणों को आवश्यकता के अनुसार ही संचालित करें। कार्यक्रम के दौरान बाड़मेर वृत्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली। इसी क्रम में विभिन्न उपखंड कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से ऊर्जा संरक्षण एवं एनर्जी सेविंग को लेकर शपथ ग्रहण की गई। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि ऊर्जा बचत केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता से बिजली की खपत कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।