भास्कर न्यूज | झालावाड़ मिशन लाइफ अभियान में सोमवार को जिलेभर में ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। औद्योगिक इकाइयों में संगोष्ठियां कर ऊर्जा बचत के व्यावहारिक उपाय बताए गए। वहीं, जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में एक घंटे तक बिजली उपकरण बंद रखकर अनावश्यक विद्युत खपत रोकने का संदेश दिया। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शंभूसिंह रावत और जयपुर डिस्कॉम के एसई नवरत्न बैरवा ने औद्योगिक संघों के अध्यक्षों और इकाइयों के प्रतिनिधियों को ऊर्जा बजट, ऊर्जा ऑडिट तथा ऊर्जा संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने उद्योगों में बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अनावश्यक खपत कम करने और ऊर्जा दक्ष उपकरण अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। चंद्रावती ग्रोथ सेंटर के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने उद्योगों में बेहतर ऊर्जा प्रबंधन की जरूरत बताई। वहीं, कोटा स्टोन स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज झालावाड़ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तंवर ने ऊर्जा बचत के उपायों की जानकारी देते हुए औद्योगिक इकाइयों में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने का आह्वान किया। अभियान के तहत विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक किया गया। यहां संगोष्ठियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के व्यावहारिक तरीके बताए और कर्मचारियों को बिजली बचाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उद्योग विभाग, डिस्कॉम, रीको और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को जन-आंदोलन का रूप देना है।