लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर झालावाड़ में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। सुबह मिनी सचिवालय से शुरू हुई दौड़ में पीटीएस के जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। दौड़ को एसपी अमित कुमार एवं एडीएम रामचंद्र खटीक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मिनी सचिवालय से शुरू हुई दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए राजकीय खेल संकुल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। हाथों में उत्साह और कदमों में जोश के साथ प्रतिभागियों ने देश की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सीडीईओ रामसिंह मीना, जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा, एडीईओ पवन पाटीदार, बालचंद कारपेंटर, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शंभुसिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस पर मिनी सचिवालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। सभी ने देशवासियों के बीच एकता, सद्भावना और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।