डीडवाना डीडवाना शहर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कबाड़ के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के उद्यमियों व राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना तुरंत नगर परिषद के अग्निशमन अनुभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही नगर परिषद की दो दमकलें और पानी के टैंकर तत्काल मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठान सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।