दीपावली पर मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के विरुद्ध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों एवं परिवहन के दौरान खाद्य सामग्री की सघन जांच की जा रही है। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. के निर्देशानुसार संचालित अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लगातार निरीक्षण, जांच एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सीएमएचओ डॉ धर्मसिंह मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने रविवार को एस.एस. फूड प्रोडक्ट्स, जे-246, रीको औद्योगिक क्षेत्र धौलपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में संदिग्ध स्थिति में मिले घी के 50 पीपे सीज किए गए। प्रत्येक पीपे में 15 किलोग्राम घी होने के अनुसार कुल 750 किलोग्राम घी को नियमानुसार सीज किया गया। इसी क्रम में सोमवार को राजाखेड़ा क्षेत्र में गांव देवसेड़ा के समीप खाद्य सुरक्षा दल ने सोनू ड्राइवर के वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन से स्किम्ड मिल्क पाउडर के 14 कट्टे, प्रत्येक 25 किलोग्राम वजन के तथा रिफाइंड ऑयल के 7 पीपे, प्रत्येक 15 किलोग्राम वजन के पाए गए। खाद्य सुरक्षा दल ने कुल 350 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर एवं 105 किलोग्राम रिफाइंड ऑयल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत सीज किया। सीएमएचओ डॉ मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार, गौरव परिहार, रविंद्र मीणा और दीक्षा के द्वारा दीपावली के मद्देनजर दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों एवं खाद्य तेलों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीमें लगातार बाजारों, डेयरियों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं तथा नियमानुसार सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखें।