भाजपा के वरिष्ठ नेता गौरव वल्लभ की पूर्व सीएम गहलोत की इंतजार-शास्त्र सीरीज, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा के सीएम पर दिए गए बयानों पर भास्कर से बातचीत। पूर्व सीएम गहलोत इंतजार-शास्त्र सीरीज चलाकर आपकी सरकार पर हमलावर हैं? बाड़ेबंदी शास्त्र में पीएचडी करने वाले गहलोत साहब बताएं कि अपने पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने लोगों के काम कैसे बाड़े में बंद कर दिए थे। उन्होंने बाड़ेबंदी शास्त्र में पीएचडी ही नहीं, पेपर-लीक में डिप्लोमा भी कर रखा है। अब हमारी सरकार में वो सब खत्म कर दिया गया है। ढाई साल में सैकड़ों परीक्षाएं हुईं, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। गहलोत साहब आपने बाड़ेबंदी शास्त्र और पेपर लीक शास्त्र से लोगों को जमकर इंतजार कराया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कहते हैं सीएम के पास जमीन नहीं, वो किसान कैसे हो गए? डोटासरा जी, देश के करोड़ों परिवार ऐसे हैं जो किसान हैं, लेकिन उनके पास जमीन नहीं है। उन्हें भूमिहर किसान कहते हैं। आप तो पेपर लीक शास्त्र के सैकंड डिप्लोमा होल्डर हो। वन वीक सीरीज लिखनी चाहिए, जिसमें बताएं कि परिवार को आरएएस कैसे बनाएं। कांग्रेस कहती है, प्रदेश में पर्ची की सरकार है? वे योग्य युवाओं की नौकरी अपने परिवार के लोगों के नाम की पर्ची देकर ही खाते थे। अब पर्चियों का जमाना लद गया। पर्ची देकर सैटल कर अधिकारी बनाने का समय लद गया। जिन्होंने पूरी सरकार ही पर्चियों पर चलाई है, उन्हें यही लगता है, पर्ची ही है।