पाली जिले में कई नव निर्वाचित सरपंचों ने जनप्रतिनिधि के दायित्व से भी आगे बढ़कर खुद के खर्च से विकास का शुभारंभ कर अनूठी पहल की है। सुमेरपुर की ग्राम पंचायत गोगरा में सरपंच परबतसिंह इंदा ने पदभार ग्रहण के साथ ही ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने चुनाव के दौरान किए गए वादे को निभाते हुए अपने निजी खर्च से नई एंबुलेंस गांव को भेंट की। भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में हुए इस समारोह में ग्रामीणों ने सरपंच का बहुमान किया। सांडेराव में नवनिर्वाचित सरपंच विक्रम उर्फ पिंटू मेवाड़ा ने पदभार ग्रहण करते ही अपने परिवार ( स्वयं सहित हरीश मेवाड़ा, धनेश मेवाड़ा और यश मेवाड़ा) ने 5 लाख रुपए का चेक पंचायत को सुपुर्द किया। इस पहल पर जगदंबा नवयुवक मंडल ने सरपंच का 21 किलो का पुष्पहार पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया। गुड़ा एंदला ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच कुपाराम ने चुनाव के दौरान घोषणा की थी कि जीतने पर वे पंचायत के विकास के लिए अपनी तरफ से 11 लाख रुपए देंगे। अब जल्द ही आमसभा का आयोजन कर यह राशि गांव वालों को सुपुर्द करेंगे। मेवाड़ा परिवार ने विकास के लिए 5 लाख का चेक दिया। नवसृजित ग्राम पंचायत खामल में ग्रामीणों ने अनूठी मिसाल कायम की। यहां चुनाव हारने वाले सरपंच प्रत्याशी युवराज चौहान के सम्मान में रविवार को एक आभार समारोह रखा गया। ग्रामीणों ने 5 लाख 61 हजार रुपए की नकद राशि एकत्रित कर आर्थिक सहयोग के रूप में भेंट की।