पाली जिले में भील समाज के प्रतीक को जलाने का मामला सामने आया है। जिले के तखतगढ़ थाना क्षेत्र के गोगरा गांव में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर स्थापित भील समाज की भीलों का चौक में झंडा लगाया गया था। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने झंडा जला दिया। इसके बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग मौके पर पहुंचे और नारेबाजी की। उन्होंने तखतगढ़ थानाप्रभारी शैतान सिंह चारण के नाम एसआई दलपत सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग ज्ञापन में बताया कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोगरा गांव में भील समाज का प्रतीक स्थापित किया गया था। समाज के लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतीक को जलाकर समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर घटना में शामिल दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो समाज की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सरपंच परबत सिंह इंदा सहित बड़ी संख्या में भील समाज के लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।