दीपावली पर्व को लेकर कोटा के व्यापारिक क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह और चमक देखने को मिल रही है। इस बार त्योहारी सीजन में कोटा शहर तथा हाड़ौती अंचल के बाजारों में करीब 10 हजार करोड़ रुपए के रिकॉर्ड कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सर्राफा, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, रियल एस्टेट और खुदरा बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल लगातार बढ़ रही है। पिछले साल जहां कोटा की इकोनॉमी की रफ्तार कम रहने से दीवाली पर बाजारों में रौनक ज्यादा नहीं थी वहीं इस बार व्यापारियों में उत्साह है। हाड़ौती में अच्छी फसल और दामों से मिला व्यापार को बल कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि इस साल कोटा के बाजार में कई अनुकूल परिस्थितियां एक साथ बनी हैं। हाड़ौती क्षेत्र में फसलों की बंपर पैदावार हुई है और किसानों को उपज के दाम भी बेहतरीन मिल रहे हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों से कोटा शहर में खरीदारों की आवक तेजी से बढ़ रही है। हाड़ौती की बड़ी खरीदारी कोटा शहर के मुख्य बाजारों से ही पूरी होती है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों को मिल रहा है। पहले सप्ताह में दिवाली, बढ़ी पॉकेट पावर इस बार दीपावली का त्योहार महीने के पहले सप्ताह में पड़ने से वेतनभोगी कर्मचारियों को समय पर सैलरी और बोनस मिल गया है। इससे आम परिवारों की 'पॉकेट क्षमता' बढ़ी है। परिवार अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार खुलकर खरीदारी कर सकते हैं। इसके साथ ही त्योहारी सीजन के तुरंत बाद शादियों का सीजन भी शुरू हो रहा है, जिससे सर्राफा और कपड़ा बाजार में अग्रिम बुकिंग और खरीदारी जोर पकड़ रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सर्राफा और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारी मांग दीपावली पर घरों को नया रूप देने और नई वस्तुएं खरीदने की परंपरा के तहत सभी सेक्टरों में जोरदार उछाल देखा जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, माइक्रोवेव ओवन, स्मार्टफोन और लैपटॉप की मांग तेज है। व्यापारियों ने नए मॉडल के साथ आकर्षक ऑफर्स और आसान किस्तों की सुविधा उपलब्ध कराई है। सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, बर्तन और हल्के वजन के आधुनिक आभूषणों की भारी मांग है। दोपहिया वाहनों से लेकर कारों की डिलीवरी और बुकिंग की जा रही है। त्योहार पर एक्सचेंज बोनस और फाइनेंस सुविधाओं का ग्राहक जमकर लाभ उठा रहे हैं। ऑनलाइन बाजार से मोहभंग, 70% ग्राहक लौटे लोकल मार्केट की ओर व्यापार महासंघ के अनुसार, ऑनलाइन शॉपिंग में अक्सर मिलने वाले डुप्लीकेट या गुणवत्ताहीन सामान की वजह से 70 प्रतिशत से अधिक ग्राहकों का रुख फिर सीधे बाजारों की तरफ हुआ है। व्यापारी न्यूनतम मार्जिन पर वाजिब दरों में बेहतरीन उत्पाद दे रहे हैं। महासंघ ने अपील की है कि ग्राहक सीधे स्थानीय दुकानों पर जाकर अपनी पसंद का सामान परखकर खरीदें।