हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय प्राकृतिक अस्पताल में रविवार को जिला पर्यावरण समिति ने ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह शुरू किया। इस साल की थीम ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ रखी गई है। कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और आम लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन लाइफ की शपथ से हुई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ, टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद योगाभ्यास, परिसर में पौधारोपण और वॉकाथॉन हुआ। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने नियमित व्यायाम करने, पैदल चलने और साइकिल चलाने को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने आम लोगों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में बताया। उप वन संरक्षक डॉ. सज्जन कुमार ने मिशन लाइफ के उद्देश्यों, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, शारीरिक स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।