हनुमानगढ़ में छठ पूजा की तैयारियों के लिए बुधवार को श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट और श्री छठ पूजा समिति जंक्शन के पदाधिकारियों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जंक्शन की चुंगी नंबर आठ और टाउन की कोहला नहर में पानी छोड़ने की मांग की। ज्ञापन श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष बलदेव दास के नेतृत्व में दिया गया। समिति के सदस्य श्यामदास ने बताया कि जिलेभर में पूर्वांचल समाज की ओर से हर साल की तरह इस बार भी छठ पूजा मनाई जाएगी। 15 नवंबर को लोग डूबते सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को नहर के पानी में खड़े होकर अर्घ्य देंगे। श्यामदास ने कहा कि पूजा के लिए नहरों में पर्याप्त पानी होना जरूरी है। 15 नवंबर को टाउन की कोहला नहर पर झांकियां निकाली जाएंगी और जागरण होगा। इसमें कलाकार सूर्य भगवान और छठ मईया के भजन गाएंगे। पदाधिकारियों ने मांग की कि 15 और 16 नवंबर को दोनों जगह नहरों में पानी छोड़ा जाए। अधिशासी अभियंता ने पानी छोड़ने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।