हनुमानगढ़ में लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कांग्रेस सेवादल ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सांसद कुलदीप इंदौरा, पूर्व राज्यमंत्री पवन गोदारा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अजय शर्मा और रोहित जून सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और आम नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प जताया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों और पार्टी प्रत्याशियों का सम्मान भी किया गया। राष्ट्रगीत से हुई कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने अतिथियों का सूत की माला पहनाकर और सेवादल की कैप भेंट कर स्वागत किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने कहा कि यह अभियान मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा से जुड़ा है। चुनावी व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने हनुमानगढ़ में कांग्रेस सेवादल की संगठनात्मक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि सेवादल कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ राजनीति में भी आगे बढ़ाने की जरूरत है। बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे अभियान का संदेश सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी है। कांग्रेस इस अभियान को बूथ स्तर तक लेकर जाएगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाते हुए कहा कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी भी सामने आई है। पूर्व राज्यमंत्री पवन गोदारा ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यह अभियान चला रही है। कार्यकर्ताओं को अभियान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना चाहिए। राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली में राहुल गांधी की ओर से दिए गए संदेश को घर-घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि निकाय और पंचायत समिति चुनावों में सेवादल पदाधिकारियों को टिकट मिलने से संगठन को मजबूती मिली है। पूर्व जिला महासचिव कृष्ण नेहरा ने सेवादल की संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका का उल्लेख किया। नवनिर्वाचित पार्षदों और प्रत्याशियों का सम्मान कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस से निर्वाचित पार्षद एवं सेवादल सचिव लखविंदर सिंह और पार्षद चंदन मोंगा का साफा और माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले अन्य प्रत्याशियों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों पंडित जसवीर शर्मा, महावीर शर्मा, मलकीत सिंह और लोकराज शर्मा ने भगवान परशुराम का पटका पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, इशाक चायणान, विनीत बंसल, जयपाल गिरी, राजप्रकाश रोहिल्ला, पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष भगवाना राम लखूवाली, हनुमानगढ़ शहर ब्लॉक अध्यक्ष संजय होटला सहित पार्षद, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।