हनुमानगढ़ में दीपावली के लिए अस्थाई पटाखा दुकानों के लाइसेंस आवंटित करने को बुधवार को लॉटरी निकाली गई। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय के सभागार में हुई लॉटरी में 816 आवेदनों में से 473 दुकानों का आवंटन किया गया। चयनित आवेदकों को तुरंत लाइसेंस जारी किए गए। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता मेघराज ने बताया कि उपखंड अधिकारी के निर्देश पर लॉटरी निकाली गई। जंक्शन में 349 आवेदनों में से 180 दुकानों का आवंटन हुआ। टाउन में 411 आवेदनों में से 235 दुकानें आवंटित की गईं। डबलीराठान में 19 आवेदन आए और सभी आवेदकों को दुकानें मिलीं। रोड़ांवाली में पांच और धोलीपाल में चार आवेदन आए। दोनों जगह सभी आवेदकों को दुकानें आवंटित की गईं। पक्कासारणा में 31 आवेदनों में से 30 दुकानों का आवंटन हुआ। अस्थाई पटाखा बाजार 5 से 8 नवंबर तक चलेंगे। जंक्शन में गांधीनगर अंडरपास के पास डीईओ कार्यालय परिसर में दुकानें लगेंगी। टाउन में नेहरू पार्क के पास और अल्फा सिटी के पास दुकानें लगाई जाएंगी। नगर परिषद बाजारों में अग्निशमन वाहन तैनात करेगी। यातायात व्यवस्था के साथ पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।