हनुमानगढ़ में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में कार्यरत लेबर एवं पल्लेदार मजदूरों ने मंगलवार को कार्य समय में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। एफसीआई लेबर एवं पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले आयोजित गेट मीटिंग में मजदूरों ने जिला प्रबंधक, श्रीगंगानगर को ज्ञापन भेजा। इसमें गेहूं लोडिंग कार्य का समय मौसम के अनुरूप संशोधित करने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में गेहूं लोडिंग कार्य बंद कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। भीषण गर्मी में मजदूर हो रहे परेशान गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन के उपप्रधान अफसर अली ने बताया कि इन दिनों हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। ऐसे में खुले मैदानों और गोदामों में लगातार गेहूं की लोडिंग करना मजदूरों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। दोपहर के समय तेज धूप और लू के कारण कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ रही है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। यूनियन ने मांग की कि सुबह 8 बजे से वाहनों की कांटा प्रक्रिया पूरी कर लोडिंग कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक भारी श्रम वाले कार्य पूरी तरह बंद रखे जाएं अथवा केवल हल्के कार्य कराए जाएं। शाम 6 बजे तक समस्त कार्य समाप्त कर मजदूरों को राहत दी जाए। कार्य समय में परिवर्तन का है प्रावधान जिला महासचिव गुरुप्रेम सिंह ने कहा कि एफसीआई के परिपत्र में भी हीटवेव की स्थिति में श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्य समय में परिवर्तन का प्रावधान है। वहीं, राजस्थान श्रम विभाग की गाइडलाइन में भी 45 डिग्री या उससे अधिक तापमान होने पर दोपहर के समय श्रमिकों से कार्य नहीं कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि यदि एफसीआई प्रबंधन और प्रशासन ने शीघ्र कार्य समय में बदलाव के आदेश जारी नहीं किए तो यूनियन हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर के सभी एफसीआई केंद्रों पर गेहूं लोडिंग कार्य बंद कर आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन में अफसर अली, धनराज, चक्रधर, इकबाल, प्रीतपाल सिंह, सुनील, गुड्डू, कुलदीप, वकील, मोहन, आकाश, महेश, सतपाल सहित बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद रहे।