हनुमानगढ़ जिले में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा दल ने रावतसर और गोलूवाला में दुकानों का निरीक्षण किया। दल ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और गुणवत्ता पर संदेह होने पर गुड़, काजू और सरसों का तेल सीज किया। 40 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में दुकानों की जांच और सैंपल लेने का अभियान चलाया है। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना दुकानों और थोक विक्रेताओं पर निगरानी रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा दल ने 2 नवंबर को रावतसर में मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मैसर्स बजत बाजार से बादाम और कृष्णा ब्रांड घी, मैसर्स आरसी मॉल से केवल ब्रांड मिर्च पाउडर, मैसर्स कश्मीरी कोट्स से काजू और गुलाब जामुन के सैंपल लिए। मैसर्स अग्रवाल टी कम्पनी से गुड़ के दो सैंपल लिए गए। मैसर्स अग्रवाल टी कम्पनी से अमानक होने के संदेह पर 1,485 किलो गुड़ सीज किया गया। मैसर्स कश्मीरी कोट्स से गुणवत्ता पर संदेह के चलते 30 किलो काजू सीज किए गए। इसी दुकान से 40 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई। 3 नवंबर को गोलूवाला में मैसर्स अगम ट्रेडिंग कम्पनी से मुहूर्त गोल्ड ब्रांड सरसों के तेल, मैसर्स गोपाल स्वीट्स से मीठे मावे, मैसर्स अंश कुमार अखिल कुमार किराना स्टोर से कृष्णा ब्रांड चांदी के वर्क, मैसर्स गौरव ट्रेडर्स से श्वेता ब्रांड घी और मैसर्स मित्तल मॉल से बादाम व त्रिशूल ब्रांड सरसों के तेल के सैंपल लिए गए। मैसर्स अगम ट्रेडिंग कम्पनी से गुणवत्ता पर संदेह के चलते मुहूर्त गोल्ड ब्रांड सरसों का 186 लीटर तेल सीज किया गया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार और वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल थे। खाद्य कारोबारियों एवं आमजन से की अपील सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना दें।