हनुमानगढ़ जिले के थालड़का में खाद्य सुरक्षा दल ने 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। दल ने 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और करीब 196 किलो खराब व अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट कराई। 48 लीटर अवधिपार पेयजल भी मौके पर नष्ट कराया गया। त्योहार तक जिले में जांच और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली के मद्देनजर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग का अभियान चलाया है। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना दुकानों और खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं की जांच की जा रही है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मैसर्स धर्मवीर स्वीट्स से घी, क्रीम और दूध के सैंपल लिए गए। मैसर्स लम्माणी स्वीट्स से रसगुल्ला, गुलाब जामुन और बेसन चक्की के सैंपल लिए गए। मैसर्स स्वामी स्वीट्स एंड फास्ट फूड से गुलाब जामुन, मैसर्स मीनाक्षी स्वीट्स से लड्डू और गुलाब जामुन, मैसर्स राजेन्द्र जनरल एंड वैरायटी स्टोर से क्रीम और काजू के सैंपल लिए गए। मैसर्स अन्नपूर्णा भंडार से मटका ब्रांड सरसों के तेल का सैंपल लिया गया। सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। जांच के दौरान मैसर्स राजेन्द्र जनरल एंड वैरायटी स्टोर से 48 लीटर अवधिपार पेयजल मिला, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। मैसर्स ज्योति किरयाना स्टोर में करीब 196 किलो/लीटर अवधिपार और खराब खाद्य सामग्री मिली। इस सामग्री में चीनी, गुड़, पतासे, खजूर, करूवा चीनी, गुजरी मीठी, आटा, तेल, सॉस, शर्बत और गर्म मसाले शामिल थे। दल ने इसे मौके पर नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा दल ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण और बिक्री के दौरान तय सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। डॉ. शर्मा ने बताया कि दीपावली तक जिलेभर में निरीक्षण, सैंपलिंग और मिलावट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना यादव एवं लैब टेक्नीशियन सुभाष कुमार उपस्थित रहे। खाद्य कारोबारियों एवं आमजन से की अपील सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने, मिलावट या किसी अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को कंट्रोल रूम नम्बर 01552-261190 पर सूचित करने की अपील की।