हनुमानगढ़ के अबोहर रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम गोशाला में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव होगा। पूजा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। श्री गोशाला सेवा समिति के अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि पूजा के बाद भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा जाएगा। कार्यक्रम में गोमाता का पूजन भी होगा। इन्द्र हिसारिया ने बताया कि गोशाला में पिछले 6-7 वर्षों से गोवर्धन पूजा हो रही है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोवर्धन पूजा पर गोवर्धन जी की परिक्रमा का विशेष महत्व है। वृंदावन या अन्य धार्मिक स्थलों पर परिक्रमा के लिए नहीं जा पाने वाले श्रद्धालु गोशाला में परिक्रमा कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों और धार्मिक संस्थाओं से आयोजन में शामिल होकर गोवर्धन पूजन, गोसेवा और अन्नकूट महोत्सव में हिस्सा लेने की अपील की।