हनुमानगढ़ जिले की 6 पंचायत समितियों और संबंधित जिला परिषद जोन के सदस्य पदों के लिए मतदान दल सोमवार को रवाना हुए। दलों को ईवीएम और मतदान सामग्री देकर निर्धारित केंद्रों पर भेजा गया। दोपहर बाद तक सभी दल केंद्रों पर पहुंच गए और मतदान से पहले की तैयारियां पूरी कर लीं। मतदान दलों को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना किया गया। इससे पहले उनका अंतिम प्रशिक्षण हुआ। 6 पंचायत समितियों में कल होगा मतदान जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े जिला परिषद जोन के सदस्य पदों के लिए भी वोट डाले जाएंगे। सरपंच और वार्डपंच चुनाव 5 नवंबर को डॉ. यादव ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। मतदान मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके बाद गुरुवार 5 नवंबर को इन्हीं 6 पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान होगा। अगले दिन उपसरपंच पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।