हनुमानगढ़ जिले के पटवारियों ने पीलीबंगा तहसील के माणकथेड़ी गांव के पटवारी देवीलाल मेघवाल के साथ मारपीट के विरोध में सोमवार को काली पट्टी बांधकर काम किया। उन्होंने दोषी अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए सोमवार को जंक्शन स्थित डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के खेल मैदान से मतदान दल अपने केंद्रों के लिए रवाना हुए। इस दौरान पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। लगातार कर रहे आंदोलन राजस्थान पटवार संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण दहिया ने बताया कि जिले के पटवारी इस घटना के विरोध में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बीकानेर रेंज के आईजीपी, संभागीय आयुक्त बीकानेर, श्रीगंगानगर के जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से कई बार मुलाकात की है। उन्हें ज्ञापन और संबंधित दस्तावेज भी दिए गए हैं। दहिया के मुताबिक, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पटवारियों ने सरकार और प्रशासन से देवीलाल के साथ मारपीट के मामले में दोषी अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दहिया ने कहा कि सरकार सूरतगढ़ थाना प्रभारी कलावती चौधरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। मांग पूरी नहीं होने पर पटवारी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान भी काली पट्टी बांधकर काम करते हुए आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में विरोध तेज किया जाएगा और आचार संहिता हटने के बाद आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।