हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में खाद्य सुरक्षा दल ने दुकानों से 6 सैंपल लिए और 70 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई। यह कार्रवाई दीपावली के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में जिलेभर के बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और थोक विक्रेताओं की जांच की जा रही है। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मैसर्स मयूर स्वीट्स से मीठा मावा, मैसर्स यादव स्वीट्स से मावा बर्फी, मैसर्स श्री राधे-राधे मिष्ठान भंडार से गुलाबजामुन और मैसर्स नीलकंठ मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन का सैंपल लिया गया। मैसर्स लवली केक एंड स्वीट प्वाइंट से गोंद के लड्डू और काजू कतली के सैंपल लिए गए। जांच के दौरान मैसर्स नीलकंठ मिष्ठान भंडार से 40 किलो और मैसर्स श्री राधे-राधे मिष्ठान भंडार से 30 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। निरीक्षण दल में एफएसओ संजय कुमार, एफएसओ दीपक कुमार और वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल थे। डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से मानक गुणवत्ता वाली सामग्री बेचने और खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि व उपयोग की अंतिम तिथि का रिकॉर्ड रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जांचने को कहा। मिलावट या अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना दी जा सकती है।