हनुमानगढ़ के जंक्शन शहर में वार्ड नंबर 7 और 8 के बीच शिव कुटिया के पास सौ फुटी रोड पर पेयजल की बड़ी पाइपलाइन लीक हो रही है। लगातार पानी बहने से सड़क के बीच गहरा गड्ढा बन गया है और आसपास की सड़क भी धंसने लगी है। दिनभर सैकड़ों लीटर पानी बह रहा है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को गड्ढे के कारण हादसे का खतरा है। सोमवार को एक नागरिक की सूचना पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बलराज सिंह दानेवालिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता को फोन कर समस्या बताई और लीकेज ठीक कराने की मांग की। स्थानीय निवासी मामराज परिहार ने बताया कि वे रोज शिव कुटिया के पास से गुजरते हैं। काफी समय पहले सड़क के बीच पाइपलाइन लीक होने से छोटा गड्ढा बना था, जो लगातार पानी बहने से बड़ा हो गया है। यहां टर्न पॉइंट है और दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। परिहार ने कहा कि पाइपलाइन लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी पहुंचने की आशंका है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा है। पानी बहने से सड़क को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों से लीकेज ठीक कर गड्ढा भरने की मांग की। बलराज सिंह दानेवालिया ने बताया कि पीएचईडी के जेईएन ने दो-तीन अन्य जगहों पर लीकेज ठीक कराने के बाद यहां भी काम कराने का आश्वासन दिया है। उनके मुताबिक, यह मुख्य मार्ग है और सड़क के बीच गड्ढा होने से हादसे की आशंका है। जेईएन ने सोमवार को ही लीकेज ठीक कराने की बात कही है।