हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने अवैध हथियारों और हेरोइन के साथ 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 6.17 ग्राम अवैध हेरोइन, एक 12 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। साथ ही एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी पकड़ी है। एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चक 14केएसपी रोही में स्वामी विवेकानंद बीएड कॉलेज के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से अवैध हथियार, कारतूस और हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद गाड़ी में सवार 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों में 2 हिस्ट्रीशीटर भी शामिल गिरफ्तार आरोपियों में नोहर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर सुनील कुमार उर्फ गोलू (38) निवासी वार्ड नंबर 7, लाखासर और हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रमेश उर्फ धोलू (28) निवासी मटोरियावाली ढाणी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुनील के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित करीब 43 मामले दर्ज हैं। वहीं रमेश के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित 12 मामले दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार (49) निवासी गोरखाना, जगदीश उर्फ पहलवान (28) निवासी दमदमा (सिरसा), सुरजीत पवार (37) निवासी कंगनपुर (सिरसा) और निखिल (19) निवासी मटोरियावाली ढाणी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।