हनुमानगढ़ टाउन में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय रात्रिकालीन शिविर मंगलवार को पूरा हुआ। शिविर प्रेमनगर स्थित नगर परिषद प्राथमिक स्कूल में लगा था। इस मौके पर हिमालय वुड बैज प्राप्त उषा बब्बर ने ध्वजारोहण किया। ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक और स्काउट मास्टर हरप्रीत सिंह भी मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने शिविर में हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को पायनियरिंग, भोजन बनाना, कम्पास और मानचित्र का उपयोग, प्राथमिक सहायता, रस्सियों की अलग-अलग गांठें बांधना और अनुमान लगाना सिखाया। बच्चों को रोजमर्रा के काम आने वाले कौशल के साथ राष्ट्रभक्ति, नैतिक शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। उन्हें रोजमर्रा की दुर्घटनाओं के समय सामना करने और शुरुआती मदद देने के तरीके भी सिखाए गए। उषा बब्बर ने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों में कमी आ रही है। युवा और बच्चे गलत संगत के कारण भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनसे बचने के लिए बचपन से ही बच्चों में नैतिक गुण और अच्छे संस्कार विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। स्काउट-गाइड संगठन शिक्षा का सहयोगी और वर्दीधारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है। इससे जुड़ने पर बच्चों में परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित होती है। उषा बब्बर ने बताया कि तीन साल की उम्र से बच्चे स्काउट-गाइड संगठन से जुड़ सकते हैं और 25 साल की उम्र तक इससे जुड़े रह सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संगठन से जोड़ने की अपील की, ताकि उनमें अनुशासन, सेवा, सहयोग और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित हो।