अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर अनूठी पहल देखने को मिली। यहां बंद गैंगस्टरों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। जेल में कैदियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती बनाई। जेल में बंद हार्डकोर अपराधी आरिफ उर्फ सिकंदर ने बैनर के सहारे सरदार पटेल की 9 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिकृति(कागज की प्रतिमा) तैयार की। जेल परिसर में तैयार की गई इस प्रतिकृति को कार्यक्रम का खास आकर्षण बनाया गया। लौह पुरुष सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में गैंगस्टरों ने रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लिया। इसके बाद देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में भाषण, देशभक्ति गीत, कविता पाठ, चित्रकला और नारा लेखन जैसी गतिविधियां भी हुईं। नशे से दूर रहने का लिया संकल्प कार्यक्रम में नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें गैंगस्टरों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। उन्होंने हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जेल के निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी में हुए कार्यक्रम जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि जेल में बंद लोगों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए इस तरह की गतिविधियां करवाई जाती हैं। आरिफ उर्फ सिकंदर द्वारा तैयार की गई सरदार पटेल की प्रतिकृति इसी रचनात्मकता का उदाहरण है। सभी कार्यक्रम जेल के निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी में आयोजित किए गए।