चचेरे भाइयों को हत्या के आरोप में फंसाने के लिए पिता ने अपनी ही 8 महीने की बेटी को जमीन पर पटक कर मार डाला था। इसके बाद उसने थाने जाकर चार चचेरे भाइयों व उनकी पत्नी के खिलाफ परिवार से मारपीट और बेटी की हत्या का मामला दर्ज कराया था। घटना 28 अक्टूबर की करौली जिले के हिंडौन में नई मंडी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बेटी की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। पिता ने रची झूठी कहानी थाना प्रभारी नरेश पोसवाल ने बताया- खेड़े का पुरा निवासी रामदेव जाटव ने 28 अक्टूबर की सुबह 9 बजे थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें उसने बताया था कि 28 अक्टूबर की सुबह चाचा के बेटे समरवीर, हीरालाल, दीनदयाल और श्रीराम अपनी पत्नी के साथ मेरे घर पहुंचे। सभी ने एक साथ मेरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान समरवीर ने मेरी 8 महीने की बेटी ऋषिका के सिर पर लाठी से वार किया। इससे वह घायल हो गई। उसे लेकर हम हिंडौन सिटी के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को हुआ था शक पुलिस ने बताया- रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इसमें रामदेव की भूमिका संदिग्ध नजर आई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने 31 अक्टूबर को रामदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उसने अपनी बेटी की हत्या करना स्वीकार किया। गोद में थी बेटी, झगड़े के बीच जमीन पर पटका पुलिस ने बताया- रामदेव का पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाइयों से अक्सर झगड़ा होता रहता था। 28 अक्टूबर की सुबह भी उसका चचेरे भाइयों से विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान रामदेव की गोद में ऋषिका थी। उसने ऋषिका को जमीन पर पटक कर मार दिया। इसके बाद भाइयों को धमकी देते हुए थाने पहुंच गया। एक दिन पहले पत्नी से भी हुआ था झगड़ा पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात रामदेव का उसकी पत्नी रेशमा से झगड़ा हो गया था। कहासुनी के बाद रेशमा रेलवे फाटक की ओर चली गई थी। इसके बाद रामदेव के चचेरे भाइयों के पक्ष के 2-3 लोग रेशमा को समझाकर घर ले आए थे। उन्होंने दोनों को आपस में झगड़ा नहीं करने के लिए समझाया। इसे लेकर रामदेव उनसे झगड़ने लगा। 28 अक्टूबर की सुबह इसी बात को लेकर रामदेव का चचेरे भाइयों से फिर विवाद हो गया। घटना के समय रेशमा दो साल के बेटे के साथ घर के अंदर थी। रामदेव मकान निर्माण में मार्बल फिटिंग का काम और मजदूरी करता है। … यह खबर भी पढ़ें पत्नी-बेटी की हत्या कर रातभर लाश के पास बैठा रहा:एक को तलवार से काटा, दूसरी का गला दबाया; बोला- मैंने दोनों को मार डाला जयपुर में पति ने अपनी पत्नी और आठ साल की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के गले पर तलवार से हमला किया था। शोर होने पर पास में सो रही बेटी जाग गई। उसे भी गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी लाशों के पास बैठा रहा। (पढ़ें पूरी खबर)