वनस्थली| क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सरसड़ी रामपुरा में दीपावली के पावन पर्व पर विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर विद्यालय परिसर को रंगों से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों ने शिक्षक सत्यनारायण प्रजापति के मार्गदर्शन में विभिन्न रंगों और आकर्षक आकृतियों से सुंदर रंगोलियां बनाईं। रंगोली निर्माण के दौरान बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिरुचि, रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। शिक्षक सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि दीपावली भारतीय संस्कृति का प्रमुख त्योहार है। यह अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। त्योहार को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह रहा। अवकाश पर जाने से पूर्व सभी विषयाध्यापकों ने विद्यार्थियों को गृहकार्य प्रदान किया। दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से अवगत कराया। साथ ही बच्चों को पटाखों से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने, स्वच्छता बनाए रखने, प्रदूषण रहित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को त्योहारों की खुशियां साझा करने का संदेश दिया। भारतीय परंपराओं, आपसी सद्भाव, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया।