पीएम मोदी ने कहा कि 2011 से 2023 के बीच भारत में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान देश में अत्यधिक गरीबी की दर 90% तक कम हुई। मोदी ने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गरीबी खत्म करना सरकार के लिए सिर्फ नारा नहीं, बल्कि पक्का संकल्प है। मोदी ने यह भी कहा कि पिछले 6 साल में रोजगार के 13.4 करोड़ नए अवसर बने हैं। यह संख्या कामकाजी उम्र की आबादी में हुई बढ़ोतरी से करीब दोगुनी है। उन्होंने देश में आर्थिक असमानता कम होने की बात भी कही। प्रधानमंत्री ने ये आंकड़े इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए साझा किए। पीएम बोले- गरीबी खत्म करना सरकार के लिए सिर्फ एक नारा नहीं वर्ल्ड बैंक ने अक्टूबर में 'इंडिया पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ' नाम से रिपोर्ट जारी की थी। इसके मुताबिक, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1% थी, जो 2023 में घटकर 2.6% रह गई। मोदी ने कहा कि वर्ल्ड बैंक के मुताबिक भारत में दुनिया में सबसे तेजी से गरीबी कम हुई है। उन्होंने आर्थिक असमानता मापने वाले गिनी इंडेक्स का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इसमें 20% से ज्यादा की गिरावट आई है और यह घटकर 23.0 पर पहुंच गया है। रिपोर्ट के अनुसार, रोजाना करीब 400 रुपए (4.20 डॉलर) से कम कमाने वाले लोगों की आबादी 57.7% से घटकर 16.1% रह गई है। अनुमान है कि 2028 तक यह आंकड़ा 12.1% हो जाएगा। गरीबी घटने की 3 वजह: खपत बढ़ी, महिलाओं को मिला रोजगार रहन-सहन और बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार गरीबी में कमी सिर्फ कमाई तक सीमित नहीं रही। लोगों के रहन-सहन और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच में भी सुधार हुआ है। अब पहले के मुकाबले ज्यादा लोगों के पास पक्के मकान, बिजली, साफ पानी, शौचालय और रसोई गैस जैसी सुविधाएं हैं। ऑक्सफोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, 2005-06 में देश की 53.8% आबादी इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित थी। 2019-21 तक यह आंकड़ा घटकर 16.4% रह गया। वहीं, वर्ल्ड बैंक के पैमाने के अनुसार 2022-23 में नॉन-मॉनेटरी गरीबी घटकर 15.5% रह गई। चुनौतियां: देश के 57% गरीब यूपी से पश्चिम बंगाल के बीच वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, गरीबी घटने के बावजूद देश में कई चुनौतियां बनी हुई हैं। भारत के कुल गरीबों में से करीब 57% उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल के बीच के इलाकों में रहते हैं। इन क्षेत्रों में रोजगार के नए और बेहतर अवसर पैदा करना जरूरी है। ----------------- यह खबर भी पढ़ें… मोदी बोले- देश में विभाजन की साजिश:विदेश में गुपचुप मीटिंग होती है; विपक्ष विरोध नहीं अवरोध पर उतर आया पीएम मोदी ने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि विपक्ष विरोध की बजाय अवरोध पक्ष बन गया है और देश को बांटना चाहता है। पूरी खबर पढ़ें…