चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2027 के ऑक्शन से पहले ट्रेड डील हुई है। इस डील में 4 खिलाड़ी शामिल हैं। हैदराबद से खेलने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चेन्नई की टीम में शामिल हुए हैं। वहीं चेन्नई से तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई पेसर नाथन एलिस हैदराबाद टीम से जुड़ गए हैं। BCCI ने गुरुवार को इस ट्रेड की जानकारी दी। लिविंगस्टोन 6 करोड़ रुपए और एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपए की मौजूदा फीस पर CSK में आए हैं। वहीं, खलील 4.8 करोड़ और एलिस 2 करोड़ रुपए की फीस पर SRH से जुड़े हैं। लिविंगस्टोन 13 करोड़ से 6 करोड़ रुपए में CSK पहुंचे इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को SRH ने पहले 13 करोड़ रुपए में खरीदा था। अब वे 6 करोड़ रुपए की कम फीस पर CSK में शामिल हुए हैं। वे बल्लेबाजी के साथ ऑफ स्पिन और लेग स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी 3 करोड़ रुपए की मौजूदा फीस पर चेन्नई पहुंचे हैं। SRH ने उन्हें इंटरनेशनल डेब्यू से पहले साइन किया था। हालांकि, पैर की चोट के कारण वे IPL 2026 में नहीं खेल सके थे। खलील अहमद की SRH में वापसी लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज खलील अहमद 4.8 करोड़ रुपए की मौजूदा फीस पर SRH से जुड़े हैं। वे 2018 से 2021 तक भी हैदराबाद की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। खलील ने IPL 2025 में CSK के लिए 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। IPL 2026 में उन्होंने चेन्नई के लिए 5 मैच खेले, लेकिन दाहिनी जांघ की मांसपेशियों में चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करेंगे नाथन एलिस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस 2 करोड़ रुपए की मौजूदा फीस पर SRH में शामिल हुए हैं। वे अपनी गेंदबाजी में वैरिएशन और डेथ ओवर्स में प्रभावी प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। एलिस के आने से हैदराबाद के तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलेगी। यह ट्रेड IPL 2027 से पहले दोनों फ्रेंचाइजी के बीच हुआ है।