आईआईटी की तैयारी के लिए देशभर में पहचान बना चुका कोटा अब दुनिया के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों तक भी अपनी प्रतिभा पहुंचा रहा है। यहां कोचिंग करने वाले विद्यार्थी सिर्फ देश की शीर्ष इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में ही सफलता नहीं पा रहे, बल्कि अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) जैसे वैश्विक संस्थानों में भी जगह बना रहे हैं। पिछले 9 शैक्षणिक वर्षों (2017-18 से 2025-26) में कोटा कोचिंग से जुड़े 18 स्टूडेंट्स को एमआईटी में प्रवेश मिला है। 2025-26 में रुद्र पेठानी और कनिष्क जैन को प्रवेश मिला। जेईई एडवांस्ड टॉपर चित्रांग मुरदिया और सतवत जगवानी ने भी एमआईटी में प्रवेश लिया। एमआईटी में 286 भारतीय: वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार एमआईटी में भारत के 286 विद्यार्थी पढ़ रहे थे। इनमें 16 अंडरग्रेजुएट और 242 ग्रेजुएट विद्यार्थी थे। शेष रिसर्च कर रहे थे। चीन के बाद एमआईटी में सबसे अधिक विद्यार्थी भारत के हैं। सबसे अधिक विद्यार्थी अमेरिका और ब्रिटेन से आते हैं। अकादमिक के साथ रचनात्मकता व नेतृत्व क्षमता भी आंकते हैं: एमआईटी में प्रवेश के लिए गणित-विज्ञान की मजबूत समझ, कठिन समस्याएं सुलझाने की क्षमता और नई खोजों की जिज्ञासा परखी जाती है। रचनात्मकता, नेतृत्व, टीमवर्क और सामाजिक समस्याओं के समाधान में रुचि को महत्व मिलता है। एसएटी-एसीटी स्कोर और विद्यार्थी की प्रोफाइल भी चयन का आधार हैं। रिसर्च, आकर्षक सैलरी पैकेज एमआईटी में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, एआई, स्पेस, बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में शोध व नई तकनीक विकसित करने के अवसर मिलते हैं। संस्थान स्कॉलरशिप देता है। अमेरिकी कंपनियों में आकर्षक सैलरी पैकेज मिलते हैं।