भास्कर न्यूज | बाड़मेर त्योहारों के मद्देनजर नगर परिषद क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। नगरीय परिक्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखें। सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद, यूआईटी आपसी समन्वय से सड़कों की स्थिति का सर्वे करें। रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर चिन्यमी गोपाल ने बुधवार को जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को यह निर्देश दिए। कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से मिठाइयों की सघन जांच, सैंपलिंग कराएं। मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। कर्मभूमि से मातृभूमि, शिक्षित राजस्थान अभियान, पीएम कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, लखपति दीदी, बैंक सखी योजना की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।