अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने कहा है कि उन्होंने ईरान पर फिर से हमले शुरू कर दिए हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक, बंदर अब्बास और कीश पर धमाके हुए हैं। अमेरिकी सेना के मुताबिक, ट्रम्प के आदेश के बाद मंगलवार शाम 8 बजे से ईरान के बंदरगाहों पर नाकेबंदी फिर से लागू की जाएगी। वहीं, यूएई (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि होर्मुज में ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास उसके दो तेल टैंकरों पर ईरान की दो क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया है। मोंबासा नाम के टैंकर पर हुए इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा और इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका संभालेगा। उन्होंने खुद को 'गार्डियन ऑफ द होर्मुज स्ट्रेट' बताते हुए कहा कि इस काम का खर्च उठाने के लिए स्ट्रेट से गुजरने वाले हर कार्गो पर 20% टैक्स लिया जाएगा। ट्रम्प के इस ऐलान पर ईरान ने कड़ा विरोध जताया। ईरानी सेना के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी अमेरिकी दखल को स्वीकार नहीं किया जाएगा। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स 1. ओमान के पास जहाज पर हमला,1 भारतीय लापता: 'GFS गैलेक्सी' जहाज पर हुए हमले में 11 भारतीय सवार थे। 10 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। भारत ने हमले की निंदा करते हुए नागरिक जहाजों पर हमले तुरंत रोकने की अपील की। 2. अमेरिका बोला- ईरान के 300 ठिकानों पर हमला किया: अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक अमेरिका ने इस सप्ताह 3 दिनों में ईरान के 300 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। 3. लेबनान पर इजराइल ने फिर हमले किए: इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले के कफर तेबनित कस्बे पर गोलीबारी की। फिलहाल इन हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 4. कुवैत के सीमा चौकियों को नुकसान: कुवैत की सेना ने रविवार को बताया कि हाल के हमलों में देश के उत्तरी हिस्से में स्थित तीन सीमा चौकियों को नुकसान पहुंचा है। 5. खुजेस्तान में वाटर प्रोजेक्ट पर हमला: ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के महशहर शहर में एक वाटर प्रोजेक्ट पर प्रोजेक्टाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मिडिल ईस्ट के हालात से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…