टोंक| राष्ट्रसंत आचार्य पुलक सागर महाराज से टोंक के सकल दिगंबर जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने दर्शन किए। भीलवाड़ा में चातुर्मास कर रहे आचार्य को प्रतिनिधिमंडल ने श्रीफल भेंट कर टोंक में शीतकालीन प्रवास के लिए मंगल निवेदन किया। प्रतिनिधिमंडल में श्री दिगंबर जैन नसिया, अमीर गंज के अध्यक्ष भागचंद फूलेता, कार्यकारी अध्यक्ष धर्मचंद दाखिया, मंत्री टोनी आंडरा, आदिश गंगवाल, पप्पू जी, धर्मचंद, विमल बरवास, शेखर अरनिया आदि थे। आचार्य ने सभी को मंगल आशीर्वाद दिया। शीतकालीन प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में श्री दिगंबर जैन नसिया, अमीर गंज में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महापर्व सोमवार, 9 नवंबर को श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जाएगा। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान व कमल सर्राफ ने बताया कि सुबह 7:15 बजे बड़ा तख्ता जैन मंदिर में, सुबह 8 बजे नसिया अमीर गंज में भगवान महावीर स्वामी के चरणों में श्रद्धालु निर्वाण लाडू अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर में भगवान महावीर स्वामी के प्रथम गणधर गौतम स्वामी की पूजा-अर्चना होगी। मोक्ष कल्याणक जैन समाज का प्रमुख धार्मिक पर्व है।