राजधानी जयपुर के आमेर इलाके में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। आमेर महल से जलमहल की ओर आ रही एक बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार शोएब (26) और साहिल (25) की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य युवक घायल हो गए। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि हादसा रात करीब 11 बजे बाद हुआ। कार सवार आमेर महल की तरफ से जलमहल की ओर आ रहे थे, जबकि बाइक सवार आमेर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में शोएब और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शोएब और साहिल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण घायल हुए हैं। तीनों का एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं आमेर एसीपी आईपीएस प्रतीक सिंह एसएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।