जयपुर-असरवा एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 12981 में मंगलवार देर रात बम की सूचना से हड़कंप मच गया। अजमेर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर जीआरपी, आरपीएफ, क्लॉक टावर थाना पुलिस सहित अन्य जांच एजेंसियों ने गहन तलाशी ली। पुलिस प्रशासन ने तुरंत प्लेटफॉर्म खाली कराए। हालांकि ट्रेन में बम की सूचना झूठी निकली। जीआरपी ने झूठी सूचना देने वाले ट्रेन यात्री नाथद्वारा निवासी नंदलाल को डिटेन किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जीआरपी थाना एसएचओ इंदुबाला शर्मा के मुताबिक रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली कि जयपुर-असरवा ट्रेन के जनरल कोच में बम है। यह ट्रेन 10:45 पर अजमेर पहुंचती है। जीआरपी पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जयपुर आयुक्तालय को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका है। पूर्व में भी इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। सूचना के बाद स्टेशन पहुंचा पुलिस और प्रशासन सूचना मिलते ही आला अधिकारियों को जानकारी देकर जांच टीमों को सक्रिय किया गया। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर सीओ नॉर्थ शिवम जोशी, सीओ साउथ मनीष बड़गुर्जर, क्लॉक टावर थाना एसएचओ भीखाराम काला भी अपनी टीम के साथ स्टेशन पर पहुंचे। इसके अलावा एटीएस, सीआईडी जोन अजमेर, डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर बुला ली गई। जीआरपी की टीम ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों को वहां से हटाया। 4 मिनट पहले पहुंची ट्रेन, यात्रियों को उतारकर जांच की ट्रेन का अजमेर पहुंचने का समय रात 10:45 का है। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद 10:55 पर रवाना होती है। लेकिन ट्रेन मंगलवार रात 4 मिनट पहले यानी 10:41 बजे ही प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों को उतारा और पूरी तरह से खाली कराने के बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड से जांच पड़ताल की। हालांकि ट्रेन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। करीब एक घंटे बारीकी से जांच के बाद सभी यात्रियों को ट्रेन में बैठाया गया और रात 11:40 पर रवाना किया। जिस कोच में बैठा उसी में बम बताया आरोपी नाथद्वारा निवासी नंदलाल गांधी नगर से ट्रेन में बैठा था। इसके कुछ देर बाद ही उसने जीआरपी को बम की सूचना दे दी। आरोपी जनरल कोच में बैठा था। उसने उसी कोच में बम होने की बात बताई। जांच के दौरान ही जीआरपी ने नंदलाल को पकड़ लिया था। जब सूचना झूठी निकली तो उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी शराब के नशे में था। उसने पुलिस को बताया कि गांधी नगर में जब वह ट्रेन में बैठा तब किसी को उसने बात करते सुना था इसलिए सूचना दे दी। हालांकि पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। उसकी हिस्ट्री भी खंगाल रही है।