जयपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में मंगलवार देर रात बदमाशों ने एक ऑटो रिक्शा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इतना ही नहीं बदमाशों ने लाठी-डंडों से ऑटो में जमकर तोड़फोड़ भी की थी। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाशों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। घटना देर रात करीब 1 बजे बजरंग नगर की है। डेढ़ बजे के करीब शोर-शराबे से जागे स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था और पुलिस को सूचना दी। 2 बजे के करीब पुलिस मौके पर पहुंची और एक बदमाश अमन को थाने लेकर गई। मामले में ऑटो मालिक आरिफ ने मुकदमा दर्ज करवाया है। हथियार लेकर आए थे बदमाश, पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग जानकारी के अनुसार, बदमाश ऑटो रिक्शा के पास पहुंचे। इनमें से एक युवक ऑटो पर चढ़ा और पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते ऑटो आग की लपटों में घिर गया और जलकर खाक हो गया। वहीं, साथ आए अन्य बदमाशों ने लाठी-डंडों से ऑटो में तोड़फोड़ की। बदमाश अपने साथ हथियार भी लेकर आए थे। थप्पड़ मारकर वीडियो बनाने को कहा ऑटो ड्राइवर आरिफ का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उसने बताया कि वह आग लगाने वाले युवकों को नहीं जानता। वहीं स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ा था। जिसका नाम अमन है जो भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में मस्जीद के पास रहता है। भीड़ ने जब युवक को पकड़ा तो लोग कहते नजर आए कि कल परसो से ये लोग ऑटो के कांच फोडकर गए थे। आज ऑटो रिक्शा पर पेट्रोल छीड़कर आग लगा दी। इस लड़के के साथ चार से 5 अन्य लड़के भी थे। जिनका ये नाम नहीं बता रहा है। लोग कहते नजर आए कि यहां पर सब मजदूर लोग रहते है। ये आए दिन कभी ऑटो रिक्शा से वायरिंग निकालकर ले जाते हैं। कभी बैटरी निकालकर ले जाते है। लोगों ने घरों से मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाते हुए, इन पर आतंक मचाने का आरोप लगाया। लोगों ने आरोपियों द्वारा लाई गई पेट्रोल की बोतल भी दिखाई। लोगों ने पेट्रोल के साथ परफ्यूम की बोतल भी इस दौरान दिखाई जो कि आग लगाने के लिए लाई गई थी। देर रात करीब डेढ़ से 2 बजे तक भट्टा बस्ती इलाके में हंगामा होता रहा। करीब आधे घंटे बाद पुलिस की पीसीआर आई और लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं युवक ने कहा कि बदमाशों ने उसके थप्पड़ मारे और वीडियो बनाने के लिए कहा। एक आरोपी गिरफ्तार, आपसी रंजिश के एंगल से जांच भट्टा बस्ती थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि अमन (19) निवासी भट्टा बस्ती मस्जिदी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश अमन ने कहा कि वह यहां से गुजर रहा था। तभी कुछ युवकों ने उसको रोक लिया। फिर पहले तीन चार चाटे मारे और वीडियो बनाने के लिए कहा। एसएचओ ने स्पष्ट कहा कि एक आरोपी का चेहरा वीडियो में साफ नजर आ रहा है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित कर दबीश दी जा रही है।