शहर में पहली बार 'जयपुर चाय फेस्टिवल' आयोजित किया जाएगा। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में 27 और 28 अप्रैल को होने वाले फेस्ट में देशभर के चाय स्टार्टअप और फूड स्टार्टअप हिस्सा लेंगे। इस फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण चाय कवि सम्मेलन होगा, जिसकी थीम 'चाय और इमोशन' होगी। चाय और कॉफी के डायबल प्रोडक्ट से बने क्लॉथ, क्रॉकरी के साथ-साथ ब्रोकन क्रॉकरी से बनी ज्वेलरी व प्रोडक्ट फैशन शो में रैंप पर उतरेंगे। वहीं अवार्ड सेरेमनी में विभिन्न श्रेणियों के तहत चाय के 20 से अधिक अवार्ड दिए जाएंगे। वहीं चाय रैप बैटल कॉम्पीटिशन में देशभर के हिंदी, अंग्रेजी व हरियाणवी रैपर्स चाय पर आधारित अपनी रचनाएं सुनाएंगे। जेएलएन मार्ग स्थित टी पोस्ट कैफे में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जयपुर चाय फेस्टिवल का पोस्टर और ट्रॉफी लॉन्च की गई। इस मौके पर फेस्ट की फाउंडर डायरेक्टर मोना शर्मा और शशांक वर्मा के साथ जयपुर नगर निगम ग्रेटर की निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर मौजूद रहीं। लाइव चाय मेकिंग सेशन में 50 तरह की टी करेंगे तैयार फेस्ट में लाइव चाय मेकिंग सेशन होंगे, एक छत के नीचे 50 तरह की चाय तैयार करने का रिकॉर्ड बनाया जाएगा और हाई टी कॉम्पिटिशन होगा। इसके अलावा चाय-कॉफी से संबंधित विषयों पर टॉक शो भी होंगे। इनमें चाय वर्सेस कॉफी, चाय एंड पॉलिटिक्स, चाय-इंटीरियर व आर्किटेक्चर, ज्योतिष व बिजनेस में चाय, सोशल मीडिया ब्रांडिंग एंड कैफे, वीआईपी वर्सेस आम आदमी की चाय, ब्रांड वर्सेस फ्रेंचाइजी कुछ प्रमुख विषय होंगे। चाय-कॉफी पर आधारित सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा चाय पीने व परोसने का सही तरीका, चाय कॉफी के स्टार्टअप, चाय एंड क्रॉकरी, हाई टी एंड फैशन जैसे विषयों पर बात की जाएगी, जिससे विजिटर्स को कई दिलचस्प तथ्य जानने को मिलेंगे। चाय रैप बैटल कॉम्पीटिशन में देशभर के हिंदी, अंग्रेजी व हरियाणवी रैपर्स चाय पर आधारित अपनी रचनाएं सुनाएंगे। आसाम के बागानों की प्रदर्शनी भी लगेगी आयोजक मोना शर्मा ने बताया- जयपुर चाय फेस्टिवल में राजस्थान के अलावा देशभर के स्टार्टअप शामिल होंगे। इसमें चाय-कॉफी के ब्रांड, देश की उभरती हुई चाय फ्रेंचाइजी सहित देश के 200 से अधिक स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं। वे युवाओं को फेस्टिवल के दौरान अपनी सक्सेस स्टोरी तो बताएंगे ही। साथ ही इस बिजनेस के विविध पहलुओं को लोकप्रिय बनाने के टिप्स भी देंगे। जयपुर चाय फेस्टिवल के एग्जीबिशन एरिया में पेंटिंग व आसाम के बागानों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां देशभर के आर्टिस्ट चाय और इससे जुड़े विषयों पर पेंटिंग्स व अन्य कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगे। मारवाड़ी के साथ जर्मन चाय ब्रांड्स भी होंगे शामिल फेस्ट से जुड़े शशांक वर्मा ने कहा- राजस्थान के कई फेमस चाय स्टार्टअप साहू चाय, टपरी, गुलाब चाय, नमो तंदूरी, सम्राट, जोधपुर की फेमस नींबू चाय वाले, बीकानेर का चाय लीला ब्रांड के साथ-साथ मारवाड़ी, डोकरी, टी पोस्ट, लीफ लाते, टी ट्रेडिशन, जर्मन चाय वाली जैसे उभरते ब्रांड्स का प्रतिनिधित्व रहेगा। चाय के नए स्टार्टअप अपने पुराने व नए बिजनेस मॉडल पर चर्चा करेंगे। साथ ही वेडिंग में थीम तैयार करने वाले डिजाइनर स्टॉल्स के ब्रांड ओनर्स भी चाय की स्टाइलिंग के बदलते रूप पर डिस्कशन करेंगे। सम्मेलन में कवि सुनाएंगे रचनाएं दो दिवसीय फेस्ट में देश का प्रथम चाय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। चाय पर चर्चा तो सभी करते हैं, लेकिन यह पहला मौका होगा, जब कहानीकार, गीतकार कवि चाय पर दिलचस्प रचनाएं गुनगुनाते हुए कहानी और किस्सों-कविताओं से चाय से जुड़ी भावनाओं को साकार करेंगे। इसमें 20 कवि व कहानीकार शामिल होंगे। शशांक ने बताया कि फेस्टिवल के तहत अनूठा फैशन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें चाय व क्रॉकरी थीम पर सस्टेनेबिलिटी और डॉयबल क्लॉथ और ब्रोकन क्रॉकरी को अनूठे अंदाज में रैंप पर शोकेस किया जाएगा। इन्हें राजस्थान व गुजरात के कुछ प्रमुख फैशन डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट्स के स्टूडेंट्स की ओर से डिजाइन किया गया है। शो में फैशन डिजाइनर नीतू बूतरा, नविता शर्मा, चाय कॉफी की डाई से बने क्लॉथ्स को रैंप पर प्रस्तुत करेंगी। साथ ही ब्रोकन क्रॉकरी कॉन्सेप्ट पर बनी ज्वेलरी व बटन, आर्टिस्टिक ज्वेलरी भी रैंप पर शोकेस की जाएगी। जयपुर के कारीगरों की बनाई हुई हैंडमेड ब्लू पॉटरी, जो डिजाइनर कपड़ों से मैच करते हुए होगी, उसे भी रैंप पर उतारा जाएगा। चाय फेस्टिवल के आखिर में अवार्ड सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इसमें चाय के लोकप्रिय ब्रांड्स, स्टार्टअप सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें स्टार्टअप, पॉपुलर ऑन सोशल मीडिया, बेस्ट चाय फ्रेंचाइजी, फीमेल चाय स्टार्टअप, डिफरेंट चाय सेलिंग कॉन्सेप्ट, बेस्ट एस्थेटिक कैफे, पीपल्स चॉइस कुछ प्रमुख श्रेणियां हैं।