राजधानी जयपुर के पांच बत्ती स्थित ऐतिहासिक राजमंदिर सिनेमा में रविवार को हनुमान भक्ति और सनातन संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। गुरुदेव नीमकरौली बाबा की प्रेरणा से वैदिक सनातन जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 1 नवंबर को निःशुल्क फिल्म महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें भगवान हनुमान की भक्ति, शक्ति और आदर्शों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमी दर्शक पहुंचे। कार्यक्रम के निवेदक एवं धर्मरक्षक पं. हरिशंकर बीलवाल ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी को भगवान हनुमान के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सिनेमा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि फिल्म के जरिए आस्था, सेवा, साहस और समर्पण जैसे मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। फिल्म में भगवान हनुमान के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों और उनकी अटूट भक्ति को दर्शाया गया। फिल्म प्रदर्शन के दौरान राजमंदिर का माहौल हनुमान भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने वाला प्रेरणादायक प्रयास बताया। आयोजन में युवाओं के साथ परिवारों की भी अच्छी भागीदारी रही।