कॉन्स्टेबल तेजपाल ने बताया- मैं और महिला कॉन्स्टेबल राजकिरण सुबह पीसीआर पर तैनात थे। हमें सुबह 9 बजे कंट्रोल रूम से वायरलैस पर सूचना मिली थी कि चौंप गांव में एक महिला (50) कुएं में कूद गई। हमारी गाड़ी घटनास्थल से 8 किलोमीटर दूर थी। घटना की गंभीरता देखते हुए हम 9:18 बजे मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि 200 से 250 लोगों की भीड़ एकत्र थी। बोरिंग से पाइप खींचने वाली गाड़ी लगा रखी थी, लेकिन महिला को निकालने में सफलता नहीं मिली थी। कॉन्स्टेबल तेजपाल ने बताया- जब हम पहुंचे तो गाांव वालों से समझाइश कर पहले भीड़ को दूर करवाया। फिर वहां से किसी को नीचे उतरने की गुजारिश की, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। फिर गांव के एक घर से चारपाई मंगवाकर चारों कोने बांधकर कुएं में मैं खुद उतरा। ताकि महिला को सकुशल बाहर निकाला जा सके। 50 फीट गहरे कुएं में पानी नहीं था। मुझे कुएं में उतरने में महज डेढ़ मिनट लगे। नीचे उतरते ही पहले महिला से बातचीत कर उसके बारे में जानकारी ली। महिला ने बताया- आत्महत्या करने के लिए कूदी, लेकिन पता नहीं क्यों भगवान ने मुझे बचा लिया। महिला ने अपनी पीड़ा बताई कि बेटे-बहू और परिवार से परेशान होकर मैंने आत्महत्या का कदम उठाया। महिला ने कहा- मेरे एक पैर में हल्की चोट आई है। मैं खड़ी नहीं हो सकती। महिला का भारी शरीर था। ऐसे में बड़ी मुश्किल से महिला को चारपाई पर बिठाया। फिर उससे ऊपर खींचा गया। महिला को कुएं से निकालने में करीब 10 मिनट लगे। तब तक सुबह 9.:40 बज गए थे। गांव वालों और परिवार ने हमारे इस काम की सराहना करते हुए हमें धन्यवाद दिया। अब जानिए क्या था मामला जयपुर के दौलतपुरा के चोंप गांव में बहू से विवाद के बाद सास (50) सोमवार रात को घर से बाहर निकल गई। इसके बाद मंगलवार सुबह घर से सुबह 200 मीटर दूर 50 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर में तैनात महिला कॉन्स्टेबल राजकिरण और ड्राइवर कॉन्स्टेबल तेजपाल ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और महिला को चारपाई के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद परिजनों ने महिला को उपचार के लिए पास ही प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सास-बहू के बीच विवाद के चलते महिला ने यह कदम उठाया। रातभर महिला को ढूंढते रहे घरवाले महिला देर रात ही घर से निकलकर 200 मीटर दूर खेत पर चली गई थी। परिजन रात भर महिला की तलाश कर रहे थे।