जयपुर में दीपावली पर 24 कैरेट सोने के वर्क, चांदी भस्म की मिठाई की भी डिमांड है। इसमें ‘स्वर्ण प्रसादम’ मिठाई की कीमत एक लाख 11 हजार रुपए प्रति किलो है। ऐसे में इसका एक पीस 3500 रुपए का है। वहीं चांदी भस्म की कीमत 75 हजार रुपए किलो है। इसका एक पीस 1550 रुपए तक है। ड्राई फ्रूट्स से बनी ये प्रीमियम मिठाइयां ज्वेलरी गिफ्ट बॉक्स में पैकिंग होती हैं। इनकी डिमांड शहर के बाहर के कस्टमर से भी आ रही है। दुकान संचालकों के अनुसार इसके लिए देशभर से ऑर्डर मिल रहे हैं। इनके अलावा काजू तरबूज, काजू आम, बादाम टोकरी और अलग-अलग फ्लेवर वाली काजू कतली की भी डिमांड है। हेल्थ के प्रति जागरूक और पारंपरिक मिठाइयों के विकल्प की तलाश के चलते इन प्रीमियम मिठाइयों को गिफ्ट के तौर पर कस्टमर पसंद कर रहे हैं। मंदिर से लाते हैं सोने का वर्क वैशाली नगर स्थित त्योहार स्वीट्स शॉप पर ‘स्वर्ण प्रसादम’ नाम से खास मिठाई तैयार की गई है। इसमें महंगे ड्राई फ्रूट्स के साथ खाने योग्य गोल्ड का इस्तेमाल किया गया है। मिठाई पर 24 कैरेट सोने का वर्क लगाया जाता है। घी वालों का रास्ता में जैन मंदिर है, वहां से गोल्ड वर्क आता है। इसमें चिलगोजा और प्रीमियम केसर भी डाले जाते हैं। चिलगोजा की कीमत करीब 25 हजार रुपए प्रति किलो बताई गई है। यह मिठाई ऑर्डर मिलने पर ही तैयार की जाती है। शॉप ऑनर के अनुसार- इसके ऑर्डर पूरे साल मिलते हैं। जयपुर से बाहर भी इसकी मांग है। चांदी भस्म: 75 हजार रुपए किलो कीमत ‘चांदी भस्म’ में बादाम का इस्तेमाल होता है और ऊपर सिल्वर वर्क लगाया जाता है। इसकी कीमत 75 हजार रुपए प्रति किलो है। एक पीस की कीमत 1550 रुपए बताई गई है। रत्नों से प्रेरित ‘नवरत्न’ मिठाई: प्राइस 3333 रुपए प्रति किलो त्योहार स्वीट्स ने काजू कतली को अलग अंदाज में पेश करते हुए नौ पीस का ‘त्योहार नवरत्न’ तैयार किया है। इसका आधार काजू कतली है। हर पीस को अलग रंग और फ्लेवर दिया गया है। सफायर को केसर फ्लेवर में पीले रंग, हेसोनाइट को ब्राउन रंग में क्रैनबेरी के साथ और एमरल्ड को पिस्ता फ्लेवर में बनाया गया है। वहीं कोरल में स्ट्रॉबेरी, रूबी में रोज पेटल, ब्लू सफायर में ब्लूबेरी और कैट्स आई में कॉफी फ्लेवर रखा गया है। डायमंड को सिल्वर वर्क से सजाया गया है, जबकि पर्ल को सादी काजू कतली के रूप में बनाया गया है। इसकी कीमत 3333 रुपए प्रति किलो है। सिक्के जैसी ‘अशर्फी’ मिठाई: एक पीस की कीमत 1111 रुपए बादाम से बनी ‘अशर्फी’ मिठाई को शगुन के सिक्के की तरह तैयार किया गया है। इसका आकार गोल्ड कॉइन जैसा है और ऊपर गोल्ड वर्क लगाया जाता है। एक पीस का वजन करीब नौ ग्राम है और कीमत 1111 रुपए रखी गई है। 9 पीस के पैक की कीमत 9999 रुपए है। इसे दीपावली के मौके पर लॉन्च किया गया है। शॉप ऑनर के मुताबिक- इसकी शेल्फ लाइफ 15 से 20 दिन है। इसे लग्जरी गिफ्टिंग के लिए पसंद किया जा रहा है। ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में तेजी आने से बढ़ी मिठाइयों की रेट त्योहार स्वीट्स की संस्थापक सीए अंजली जैन ने बताया- चीनी के दाम बढ़ने पर उतना असर नहीं पड़ा था, जितना ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में तेजी आने से हुआ है। अंजली जैन ने बताया- मैंने दो साल पहले यह बिजनेस शुरू किया था। नए फ्लेवर के साथ मिठाइयों में लगातार प्रयोग कर रहे हैं। अब देखें बाजार में नई डिजाइन की मिठाइयों की PHOTOS… काजू तरबूज-काजू आम की कीमत 1400 रुपए रावत मिष्ठान भंडार में काजू कतली के अलग-अलग रूप तैयार किए गए हैं। इनमें काजू तरबूज की मांग सबसे ज्यादा है। काजू से बनी इस मिठाई को काटने या खोलने पर तरबूज जैसा रूप दिखाई देता है। इसकी फिनिशिंग केसर से की जाती है। वहीं पिस्ता की फिलिंग होती है। कीमत 1400 रुपए प्रति किलो है। काजू आम को बनाने में हाथ से आम का आकार दिया जाता है। केसर से पीला रंग और पिस्ता से पत्ते का रूप बनाया जाता है। ऊपर लौंग लगाकर आम जैसी आकृति दी जाती है। इसकी कीमत भी 1400 रुपए प्रति किलो है। दुकान पर बादाम से बनी टोकरी के आकार की मिठाई भी कस्टमर को आकर्षित कर रही है। यह पूरे साल उपलब्ध रहती है और करीब 10 दिन तक रखी जा सकती है। ड्राई फ्रूट्स महंगे, त्योहार पर दाम स्थिर रखने की कोशिश ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में बढ़ोतरी का असर मिठाइयों पर भी पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पादन में कमी और परिवहन खर्च बढ़ने से इस साल ड्राई फ्रूट्स के दाम लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़े हैं। पिस्ता के दाम पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुने बताए जा रहे हैं। काजू और बादाम की कीमतों में भी तेजी आई है। श्याम नगर में रावत मिष्ठान भंडार के मैनेजर रजनीश ने बताया- त्योहार पर फिलहाल मिठाइयों के दाम नहीं बढ़ाए हैं। हालांकि ड्राई फ्रूट्स की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में मिठाइयों पर इसका असर पड़ सकता है। … यह खबर भी पढ़ें… गोवर्धन पूजा 2 दिन, ज्योतिषों की अलग-अलग राय:दीपावली पर पूजा के लिए अच्छा मुहूर्त कौनसा; पढ़िए- आपकी राशि के अनुसार क्या खरीदना होगा शुभ दीपावली का त्योहार 6 नवंबर को धनतेरस के साथ शुरू हो जाएगा। 7 नवंबर को रूप चौदस है। 8 नवंबर को मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा-अर्चना कर दीपावली मनाई जाएगी। इस बार गोवर्धन पूजा पर ज्योतिषों की अलग-अलग राय है। सम्राट पंचाग के अनुसार दीपावली के एक दिन बाद यानी 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा है। (पूरी खबर पढ़ें)