जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को हवाई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्पाइसजेट की जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट निर्धारित समय से साढ़े 4 घंटे से ज्यादा देरी से रवाना होगी। वहीं, 29 अक्टूबर को तकनीकी खराबी के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड इंडिगो का विमान ठीक हो गया है। आज विमान के खाली दिल्ली रवाना होने की संभावना है। दुबई जाने वाले पैसेंजर्स को देर रात तक इंतजार स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-5124 को मंगलवार शाम 6 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए उड़ान भरनी थी। हालांकि, अब इसके रात 11 बजकर 35 मिनट तक रवाना होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पर करीब साढ़े 4 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा। फ्लाइट में देरी का असर यात्रियों के दुबई पहुंचने के समय पर भी पड़ेगा। जिन यात्रियों ने आगे की यात्रा, होटल चेक-इन या अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कर रखी हैं, उन्हें अपने शेड्यूल में बदलाव करना पड़ सकता है। 5 दिन से जयपुर में खड़ा इंडिगो का विमान आज दिल्ली जा सकता है इंडिगो का विमान 29 अक्टूबर को तकनीकी खराबी आने के बाद से जयपुर एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड है। फ्लाइट संख्या 6E-816 के रूप में विमान जयपुर से हैदराबाद जाने वाला था। बोर्डिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान उड़ान नहीं भर सका। सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने विमान की तकनीकी खराबी ठीक कर दी है। ऐसे में मंगलवार को विमान खाली दिल्ली रवाना हो सकता है। विमान पिछले 5 दिनों से जयपुर एयरपोर्ट पर खड़ा है। हालांकि, उसके रवाना होने का अंतिम समय अभी स्पष्ट नहीं है।