एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जयपुर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवादी की फर्म में कार्यरत कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं करवाने के मामले में FIR दर्ज नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर रिश्वत की राशि बरामद की। डीजी एसीबी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म में कार्यरत कर्मचारियों की पीएफ राशि जमा नहीं करवाने के संबंध में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं करने के बदले प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य रिश्वत की मांग कर रहा है। 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथ पकड़ा एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाने पर आरोपी द्वारा एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को आरोपी सोनू मौर्य ने परिवादी की फर्म के सीए और सह-परिवादी की मौजूदगी में एक लाख रुपए की रिश्वत राशि ली। इसी दौरान एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली। एसीबी उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में ACB चौकी जयपुर नगर चतुर्थ के एडिशनल एसपी मनोज कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगी।