जयपुर सीएमएचओ की टीम ने सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक जिले की अलग-अलग जगहों पर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की। जैतपुरा में एक घी की पैकिंग करने वाली फैक्ट्री को सीज किया गया, जहां अलग-अलग ब्रांड का नकली घी पैक किया जा रहा था। टीम ने यहां से 35 हजार लीटर घी का स्टॉक भी जब्त किया है। अलग-अलग ब्रांड के घी के पैकेट मिले जयपुर सीएमएचओ फर्स्ट डॉ. रवि शेखावत ने बताया- जैतपुरा में हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स के नाम से एक फैक्ट्री संचालित है। ये घी निर्माण और पैकेजिंग की एक बड़ी यूनिट है। निरीक्षण के दौरान राजस्थान सरस, डेयरी ब्रदर्स, श्री किरण सरस, माटुला, चॉइस डेयरी, रघु श्री और गणक सहित अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक घी मिला। घी की पैकिंग 200 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर, 2 लीटर, 5 लीटर और 15 लीटर के टेट्रा और टिन में उपलब्ध थी। इसके अलावा बड़े साइलो में पैकिंग के लिए रखा घी भी मिला। सीएमएचओ बोले- घी में मिलावट का शक फैक्ट्री में करीब 35 हजार लीटर घी का स्टॉक रखा था। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में घी का फ्लेवर भी मिला। टीम ने फ्लेवर वहां मौजूद तैयार घी के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। सीएमएचओ डॉ. शेखावत ने बताया- प्रथम जांच में घी संदिग्ध प्रतीत हो रहा था और इसमें मिलावट की आशंका लग रही है। इसे देखते हुए पूरे स्टॉक को जब्त करते हुए फैक्ट्री को सीज किया।