जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी (77) का रविवार को निधन हो गया। दोपहर करीब 12 बजे साइलेंट अटैक आने के बाद उन्हें दुर्लभजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। जलमहल के सामने समाज बाड़ी में शाम को महंत अंजन कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे मानस गोस्वामी ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले, उनकी अंतिम यात्रा सुभाष चौक क्षेत्र में पानों के दरीबे स्थित हवेली से रवाना हुई थी। अंतिम यात्रा में जयपुर के प्रमुख मंदिरों के महंत और गोविंददेवजी मंदिर से जुड़े लोग मौजूद रहे। महंत अंजन कुमार गोस्वामी गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय परंपरा से जुड़े थे। वे मंदिर के महंत होने के साथ इसके एकमात्र सेवाधिकारी और ट्रस्टी भी थे।