जयपुर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ फॉरेनर्स रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRO) ने कार्रवाई तेज कर दी है। फिर चित्रकूट स्थित होटल एलोरा में वीजा की तय अवधि से ज्यादा समय तक रुकी थाइलैंड की महिला को हिरासत में लिया गया है। विदेशी महिला के ठहरने की जानकारी निर्धारित समय में ऑनलाइन सी-फॉर्म के जरिए नहीं देने और इसके लिए आवश्यक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाने पर होटल संचालक विपिन माहेश्वरी के खिलाफ चित्रकूट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह है कि इसी होटल में पहले पहचान छिपाकर रह रही थाईलैंड की एक महिला की मौत हो चुकी है। पुराने मामले के बाद एक बार फिर यह होटल विदेशी नागरिकों के ठहरने से जुड़े नियमों को लेकर चर्चा में है। 19 अक्टूबर से एलोरा होटल में ठहरी हुई थी थाइलैंड की महिला FRO धर्मेंद्र सागर ने बताया कि थाईलैंड की महिला 19 अक्टूबर से होटल एलोरा में ठहरी हुई थी। होटल प्रबंधक विपिन माहेश्वरी ने महिला के ठहरने की जानकारी निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन सी-फॉर्म के माध्यम से दर्ज नहीं कराई। जांच में यह भी सामने आया कि होटल संचालक ने सी-फॉर्म भरने के लिए आवश्यक रजिस्ट्रेशन तक नहीं करवा रखा था। इसे इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट-2025 का उल्लंघन मानते हुए होटल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पहले भी इसी होटल में सामने आया था मामला FRO धर्मेंद्र सागर ने बताया कि कुछ दिन पहले थाईलैंड की एक अन्य महिला की एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई थी। वह महिला भी अपनी पहचान छिपाकर ओवरस्टे करते हुए होटल एलोरा में रह रही थी। उस महिला के ठहरने की जानकारी भी होटल प्रबंधन ने सी-फॉर्म के जरिए दर्ज नहीं कराई थी। अब इसी होटल में एक और विदेशी महिला के ओवरस्टे का मामला सामने आने के बाद FRO ने सख्ती दिखाई है। होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे संचालकों को चेतावनी FRO धर्मेंद्र सागर ने सभी होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सी-फॉर्म रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद ही विदेशी नागरिकों को कमरा उपलब्ध कराएं। इसके लिए विदेशी मेहमान का मूल पासपोर्ट और वीजा देखकर दस्तावेजों का सत्यापन करना अनिवार्य है। प्रत्येक विदेशी मेहमान का निर्धारित समय सीमा में सी-फॉर्म भरना होगा और दस्तावेजों में सही जानकारी दर्ज करनी होगी। नियमों की अनदेखी या जानबूझकर गलत जानकारी देने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से छिपाने वालों पर होगी कार्रवाई धर्मेंद्र सागर ने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकों के अवैध प्रवास को छिपाने या उन्हें संरक्षण देने वाले व्यक्तियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।