जयपुर में सिरसी रोड को 160 फीट चौड़ा किया जाएगा। रोड चौड़ी करने के लिए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कार्रवाई तैयारी तेज कर दी है। हाईकोर्ट के आदेश के तहत सड़क को 160 फीट चौड़ा करने की प्रक्रिया की जा रही है। जेडीए टीम गुरुवार को मौके पर पहुंची और सड़क किनारे अवैध निर्माणों का सीमांकन (डीमार्केशन) किया। यहां 5 किलोमीटर सड़क सीमा में 300 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बावजूद अभी भी क्षेत्र में विरोध का माहौल बना हुआ है। 5 किलोमीटर में सैकड़ों दुकानें-मकान हटेंगे जेडीए अधिकारियों के अनुसार- सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस कार्रवाई की जद में लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में सैकड़ों दुकानें, मकान और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स आ सकते हैं। प्रभावित लोगों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में खुद अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अगर तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जेडीए की ओर से बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। जेडीए अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में की जा रही है। इसके लिए नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही प्रभावित पक्षों से लगातार संवाद भी किया जा रहा है, ताकि विवाद का समाधान निकाला जा सके। स्थानीय लोग कर रहे विरोध बता दें कि सिरसी रोड पर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। स्थानीय निवासी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। वहीं जेडीए अपनी कार्रवाई जारी रखने पर अडिग है। इस टकराव का असर आसपास के इलाकों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में अगर जल्द ही दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती तो सड़क चौड़ीकरण का काम प्रभावित होने की संभावना है।