जयपुर में एक काश्तकार की जमीन पर कब्जे का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गिरोह ने फेक डॉक्यूमेंट तैयार कर एक कंटेनर रखकर कब्जे की कोशिश की। पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पत्रकार कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पीड़ित परिवार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर न्याय की गुहार लगाई है। पत्रकार कॉलोनी थाने में रामसिंहपुरा धोलाई के रहने वाले कैलाश चंद चौधरी (50) ने FIR दर्ज करवाई। पीड़ित परिवार ने कहा- रामसिंहपुरा में कई हेक्टेयर हमारी पैतृक जमीन है। 200 फीट रोड पर मौजूद जमीन की कीमत अच्छी है। पीड़ित का आरोप है भूमाफिया गिरोह की ओर से कब्जे की साजिश रची गई। 9 अगस्त की रात करीब 10 बजे करीब 40-50 लोग जमीन पर कब्जा करने आए। सारी रोड लाइट बंद कर अवैध रूप से एक कंटेनर रख दिया गया। ACP (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा ने कहा- पुलिस की ओर से शिकायत मिलने पर FIR दर्ज की गई थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। आरोप- जमीन के पास रहते हथियारबंद बदमाश आरोप है कि कब्जे का प्रयास करने वाले गिरोह का स्थानीय प्रशासन का सहयोग था। पीड़ित ने कहा- हमारी जमीन के पास करीब 8-10 गाड़ियां हमेशा तैनात रहती हैं। वहीं हथियारबंद बदमाश हर समय परिवार पर नजर रखते हैं। जमीन पर कब्जा करने के चलते हमें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। गिरोह की ओर से तैयार किए फेक डॉक्यूमेंट के आधार पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि कई बार शिकायतों के बाद भी पुलिस अधिकारियों की ओर से गिरोह को संरक्षण दिया जा रहा है। पुलिस की मिलीभगत से गिरोह हमें अपनी ही जमीन से बेदखल करना चाहता है। हमारे खिलाफ झूठी शिकायतें भी दर्ज की जा रही हैं।