दीपावली पर जयपुर के परकोटे सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारी और रोशनी की सजावट देखने के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जयपुर मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दीपावली सीजन में 3 नवंबर से 11 नवंबर तक मेट्रो ट्रेनों के फेरों की संख्या बढ़ाई गई है। इस दौरान मेट्रो के प्रतिदिन फेरों की संख्या 202 से बढ़ाकर 214 कर दी गई है। इसके साथ ही देर रात तक बाजारों में घूमने और खरीदारी करने वाले लोगों की सुविधा के लिए आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 12:30 बजे तक संचालित होगी। जयपुर मेट्रो प्रशासन की ओर से यह विशेष व्यवस्था कुल 9 दिनों के लिए लागू की जा रही है। इसके तहत मानसरोवर और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन से रात 12:30 बजे तक आखिरी ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे परकोटे के बाजारों में दीपावली की रोशनी देखने, खरीदारी करने और त्योहार की तैयारियों के लिए आने वाले शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। ट्रैफिक बदलाव के चलते मेट्रो पर रहेगा जोर दीपावली के दौरान परकोटे के बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस की ओर से भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जा रही है। 6 नवंबर से 9 नवंबर तक परकोटा क्षेत्र में सिटी बसों, मिनी बसों, ऑटो और ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में इस अवधि में परकोटे के बाजारों तक पहुंचने और वहां से वापस लौटने के लिए जयपुर मेट्रो लोगों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। मेट्रो के फेरों में बढ़ोतरी और रात 12:30 बजे तक संचालन होने से बाजारों में खरीदारी के लिए जाने वाले लोगों को देर रात तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर बड़ी चौपड़ स्टेशन के आसपास के बाजारों में आने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा। ट्रैफिक प्रतिबंध के दौरान निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के दबाव को कम करने में भी मेट्रो की भूमिका अहम रहेगी। 9 दिन तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था जयपुर मेट्रो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया ने बताया कि मेट्रो प्रशासन राष्ट्रीय पर्वों, त्योहारों और विभिन्न उत्सवों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं करता रहा है। इसी कड़ी में दीपावली के अवसर पर 3 से 11 नवंबर तक मेट्रो के फेरों में बढ़ोतरी करने और अंतिम ट्रेन का संचालन रात 12:30 बजे तक करने का निर्णय लिया गया है।